शुक्रवार, 8 मई 2026

लखनऊ : मोहनलालगंज बस स्टाप से छह माह बाद फिर दौड़ी इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसें,यात्रियों के खिले चेहरे।।||Lucknow: Electronic city buses resumed operations from the Mohanlalganj bus stop after six months, bringing smiles to passengers' faces.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
मोहनलालगंज बस स्टाप से छह माह बाद फिर दौड़ी इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसें,यात्रियों के खिले चेहरे।।
स्थानीय विधायक अमरेश रावत की पहल पर परिवहन मंत्री ने दिए निर्देश पर दोबारा शुरू हुआ सिटी बसो का संचालन।।
दो टूक  :  मोहनलालगंज कस्बे के हजारों दैनिक यात्रियों के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। करीब छह माह से बंद पड़ी दुबग्गा डिपो की इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसों का संचालन एक बार फिर मोहनलालगंज बस स्टॉप से शुरू हो गया। बसों के दोबारा चलने से यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। बताया गया कि क्षेत्रीय विधायक अमरेश कुमार रावत ने यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह से मुलाकात कर मोहनलालगंज से बंद हुई सिटी बसों के पुनः संचालन की मांग की थी। जिस पर परिवहन मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को तत्काल बसों का संचालन दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए थे। ज्ञात हो कि करीब छह माह पहले परिवहन विभाग ने उच्चाधिकारियों के आदेश का हवाला देते हुए मोहनलालगंज कस्बे तक आने वाली इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसों का संचालन बंद कर दिया था। इसके बाद बसों को मोहनलालगंज से लगभग दो किलोमीटर पहले गोपालखेड़ा पुल से ही वापस लखनऊ भेजा जाने लगा था। यात्रियों को नगर पंचायत सीमा पर उतार दिया जाता था, जिससे उन्हें आगे का सफर तय करने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ता था। दुबग्गा डिपो की इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसें बीते कई वर्षों से अवध हॉस्पिटल चौराहा, बंगला बाजार, तेलीबाग, उतरेठिया और पीजीआई होते हुए मोहनलालगंज बस स्टॉप तक संचालित होती रही हैं। इन बसों से प्रतिदिन लगभग पांच हजार यात्री सफर करते हैं। बस सेवा बंद होने से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और ग्रामीण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बुधवार को जैसे ही मोहनलालगंज बस स्टॉप से दोबारा सिटी बसों का संचालन शुरू हुआ, यात्रियों के चेहरे खिल उठे। क्षेत्रीय लोगों और दैनिक यात्रियों ने परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह एवं विधायक अमरेश कुमार रावत का आभार जताया।
विस्तार :
मोहनलालगंज से तेलीबाग का पांच रूपये किराया भी घटाया..
मोहनलालगंज कस्बे से बुद्ववार को इलेक्ट्रानिक सिटी बसो का संचालन शुरू किये जाने के साथ ही मोहनलालगंज से तेलीबाग तक इलेक्ट्रानिक सिटी बस का किराया पहले 30रूपये था उसे कम कर 25रूपये कर दिया गया।इस तरह किराये में पांच रूपये की कटौती की गयी।
सभी डिपो की बसे मोहनलालगंज बस स्टाप से होकर जायेगी..
अधिकारियो ने बताया लखनऊ-रायबरेली-इलाहाबाद रूट पर चलने वाली चारबाग,आलमबाग,इलाहाबाद व रायबरेली डिपो की बसे अब मोहनलालगंज बस स्टाप पर एक मिनट का स्टाप लेकर अपने गतव्य को जायेगी‌।इससे यात्रियो को और सहूलियत मिलेगी ओर उन्हे सड़को पर बस में बैठने के लिये परेशान नही होना पड़ेगा।