बुधवार, 13 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नए “मुख्य अभियन्ता-यमुना” भवन का लोकार्पण, ₹88 करोड़ की 16 परियोजनाएं जनसमर्पित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नए “मुख्य अभियन्ता-यमुना” भवन का लोकार्पण, ₹88 करोड़ की 16 परियोजनाएं जनसमर्पित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर/नई दिल्ली, 13 मई 2026।
यमुना सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के लिए बुधवार का दिन महत्वपूर्ण उपलब्धियों से भरा रहा। ओखला, नई दिल्ली स्थित नवनिर्मित “मुख्य अभियन्ता-यमुना” कार्यालय भवन का लोकार्पण उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर यमुना परियोजना संगठन द्वारा पूर्ण की गई 16 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी लोकार्पण एवं जनसमर्पण किया गया।

मुख्य अभियन्ता, यमुना सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन परियोजनाओं की कुल स्वीकृत लागत ₹8803.114 लाख थी, जबकि विभाग ने कार्यों को प्रभावी योजना और बेहतर क्रियान्वयन के माध्यम से ₹6831.310 लाख की लागत में पूरा किया। इससे विभाग को लगभग ₹1971.804 लाख की उल्लेखनीय बचत भी हुई।

लोकार्पित परियोजनाओं में बाढ़ सुरक्षा कार्य, तटबंधों का सुदृढ़ीकरण, नहरों की पुनर्स्थापना, बैराज सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक अवसंरचना विकास से जुड़े कई अहम कार्य शामिल हैं। विभाग का मानना है कि इन योजनाओं से जल प्रबंधन व्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्रीय किसानों व आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विभागीय अधिकारियों एवं अभियंताओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जल संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और बाढ़ नियंत्रण को लेकर लगातार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि सीमित लागत में बेहतर कार्य कर विभाग ने पारदर्शिता और कार्यकुशलता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।।