शनिवार, 4 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: समाधान दिवस में उमड़ा जनता का भरोसा: 152 शिकायतें दर्ज, मौके पर 11 का तुरंत निस्तारण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: समाधान दिवस में उमड़ा जनता का भरोसा: 152 शिकायतें दर्ज, मौके पर 11 का तुरंत निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 04 अप्रैल 2026।
दो टूक// जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों—दादरी, जेवर और सदर—में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं, जिससे कुल 152 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

सबसे अधिक भीड़ तहसील दादरी में देखने को मिली, जहां अपर जिलाधिकारी (भू/अ0) बच्चू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 106 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 08 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे कई फरियादियों को तत्काल राहत मिली।

वहीं तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 41 शिकायतें दर्ज की गईं। यहां भी प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए 02 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।

इसके अलावा तहसील सदर में उप जिलाधिकारी आशुतोष गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस अपेक्षाकृत शांत रहा, जहां 05 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 01 शिकायत का तत्काल समाधान किया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लंबित शिकायतों का निस्तारण तय समयसीमा में किया जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास कर रहा है, जिससे लोगों में भरोसा बढ़ रहा है और पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है।