शनिवार, 6 सितंबर 2025

गणेश विसर्जन पर हमले की धमकी, नोएडा से आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:


गणेश विसर्जन पर हमले की धमकी, नोएडा से आरोपी गिरफ्तार!!

देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा, 6 सितम्बर 2025। गणेश विसर्जन जैसे बड़े पर्व पर देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर देने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। मुंबई पुलिस को मिले एक धमकी भरे मैसेज ने हड़कंप मचा दिया, जिसमें 400 किलो RDX से 34 गाड़ियों को उड़ाने और करोड़ों लोगों की जान लेने की बात कही गई थी।


धमकी भरा यह संदेश मुंबई पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर भेजा गया था। संदेश के मिलते ही मुंबई पुलिस ने तुरंत नोएडा पुलिस कमिश्नरेट से संपर्क साधा। नोएडा पुलिस ने अलर्ट मोड में कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


सेक्टर-79 से गिरफ्तारी


पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला है। उसे नोएडा के सेक्टर-79 इलाके से गिरफ्तार किया गया।


SWAT टीम की बड़ी सफलता


मुंबई पुलिस के अनुरोध पर नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष रणनीति बनाई। ज्वाइंट सीपी के नेतृत्व में गठित SWAT टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अश्वनी कुमार को पकड़कर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया।


सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर


गणेश विसर्जन को देखते हुए मुंबई और नोएडा समेत कई बड़े शहरों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही सख्त कर दी गई थी। धमकी की गंभीरता को देखते हुए एजेंसियां हर स्तर पर अलर्ट हैं और आरोपी के इरादों की गहन जांच कर रही हैं।


पुलिस का आधिकारिक बयान


नोएडा पुलिस प्रवक्ता ने कहा—
“मुंबई पुलिस से सूचना मिलते ही हमारी टीमें सक्रिय हो गईं। आरोपी को पकड़कर मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार अलर्ट हैं। आमजन से अपील है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।”