गौतमबुद्धनगर: पदाधिकारियों पर दर्ज मुकदमों के खिलाफ गरजे चौधरी बीसी प्रधान बरौला, भाकियू लोकशक्ति ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन!!
मुरादाबाद के मुंडापांडे में छह पदाधिकारियों पर दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई आवाज
दो टूक//नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ किसान नेता चौधरी बीसी प्रधान बरौला के नेतृत्व में शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों एवं संगठन के पदाधिकारियों के न्याय की मांग को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। इस दौरान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार श्री के.के. चौरसिया को मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मुरादाबाद जनपद के मुंडापांडे थाना क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के छह पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच होनी चाहिए, जिससे वास्तविक तथ्यों का खुलासा हो सके। यदि जांच में किसी भी व्यक्ति द्वारा दुर्भावनावश या गलत तथ्यों के आधार पर मुकदमे दर्ज कराने की बात सामने आती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान बरौला ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) हमेशा से किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से लड़ती आई है। संगठन किसानों के सम्मान, स्वाभिमान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन के किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चौधरी बीसी प्रधान बरौला ने कहा कि प्रशासन को इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और जिन पदाधिकारियों के साथ अन्याय हुआ है, उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी एकजुटता के साथ किसानों की आवाज बुलंद करती रहेगी।
उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की कि मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न होने दिया जाए।
इस दौरान मुख्य रूप से ओमप्रकाश गुर्जर, चरण सिंह चौहान, हरेन्द्र बैसोया, ओमदत्त चौहान, राजकुमार मोनू, अरुण गौतम, सुनील बैसोया, महेश बैसोया, रोकी बैसोया, धर्मेन्द्र बैसोया, पम्मी गुर्जर, जोगेंद्र चपराना, प्रमोद प्रजापति, रामवीर तंवर, सोनू बंसल, संजीव चपराना, अंकित अवाना, सौरव तंवर, अभिषेक अवाना, जीत सिंह, जितेंद्र बैसोया, लिलू चौहान, प्रवीन चौहान, निखिल बैसोया, अमरपाल बैसोया, सिंधू, धनंजय, कुलदीप, अरुण दादा, अरविंद जाटव, पुष्पेंद्र चौधरी, परमजीत तंवर सहित सैकड़ों की संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
