सिद्धेश्वर पाण्डेय
दो टूक, आजमगढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज, अतरौलिया के विद्यालय प्रांगण में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बालक एवं बालिका वर्ग में कबड्डी, वॉलीबॉल तथा बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं।
मैदान पर खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को MY Bharat की ओर से मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं युवाओं को MY Bharat प्रिंटेड टोपी देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अरुण कांत सिंह के साथ विद्यालय के शिक्षक दिनेश सिंह, हितेश एवं दीनदयाल मौर्य, युवा स्वयंसेविका रंजन भारद्वाज तथा युवा स्वयंसेवक बृजेश यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन युवा स्वयंसेवक बृजेश यादव ने किया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत—स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” का संदेश दिया गया।
