बुधवार, 29 जुलाई 2026

लखनऊ : सरोजनीनगर क्षेत्र में ई-ऑटो समेत निर्माणाधीन पानी की टंकी से जनरेटर का सामान ले उड़े चोर।।||Lucknow: Thieves stole an e-auto and generator parts from an under-construction water tank in the Sarojini Nagar area.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
सरोजनीनगर क्षेत्र में ई-ऑटो समेत निर्माणाधीन पानी की टंकी से जनरेटर का सामान ले उड़े चोर।।
दो टूक  : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर  क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में चार्जिंग पर खड़ा ई-ऑटो चोरी हो गया, जबकि दूसरे मामले में निर्माणाधीन पानी की टंकी पर रखे जनरेटर का डेनामो (अल्टरनेटर) अज्ञात चोर खोलकर ले गए। दोनों मामलों में पीड़ितों ने थाना सरोजनीनगर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
मिली जानकारी अनुसार थाना सरोजनीनगर बेहसा निवासी शुभम सिंह पुत्र बब्लू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह महिंद्रा ट्रियो ई-ऑटो (UP32 ZN6416) चलाते हैं। 20 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे उन्होंने अपनी गाड़ी ग्राम बेहसा स्थित फिटनेस ग्राउंड के पास ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में स्थित मैसिव चार्जिंग प्वाइंट पर चार्जिंग के लिए लगाई थी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वह गाड़ी लेने पहुंचे तो ई-ऑटो वहां से गायब मिला। काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला। पीड़ित ने वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी घटना में थाना सरोजनीनगर क्षेत्र पिपरसण्ड निवासी सरोज सिंह पुत्र स्वर्गीय राम अवध सिंह, जो निर्माणाधीन पानी की टंकी पर सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 जुलाई की रात करीब 2 बजे कुछ अज्ञात व्यक्ति मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और वहां रखे जनरेटर का डेनामो (अल्टरनेटर) खोलकर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की जांच कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस ने दोनों मामलों में प्राप्त तहरीरों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आस - पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।