गौतमबुद्धनगर: इकोटेक-3 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की बाइक के साथ दो शातिर गिरफ्तार, अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना इकोटेक-3 पुलिस ने अपराध एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 जुलाई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर थाना इकोटेक-3 पुलिस ने सेक्टर-10 से तिलपता जाने वाली सर्विस रोड पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान मनीष पुत्र हरी सिंह निवासी रूपवास मोड़, कस्बा एवं थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर तथा सागर पुत्र देवेन्द्र सिंह निवासी ग्राम नगला पदम, थाना चंडौस, जिला अलीगढ़ (वर्तमान पता ग्राम धूममानिकपुर, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान अभियुक्त मनीष के कब्जे से एक अवैध चाकू तथा अभियुक्त सागर के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा दोनों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर DL6SN4597) भी बरामद की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों अभियुक्त पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। अभियुक्त मनीष के विरुद्ध चोरी एवं आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे थाना दादरी और थाना सूरजपुर में दर्ज हैं, जबकि अभियुक्त सागर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत थाना बादलपुर में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।
इस संबंध में थाना इकोटेक-3 पर मु0अ0सं0 311/2026 के तहत धारा 317(5) बीएनएस एवं 3/4/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।
