लखनऊ :
मिशन शक्ति के तहत अपर्णा यादव ने मनाया कन्या जन्मोत्सव।
●अस्पतालों व महिला कल्याण संस्थाओं का किया निरीक्षण।
।।अमित सैनी।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्षा अपर्णा यादव ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद लखनऊ में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की।
कार्यक्रम के दौरान लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय एवं डॉ. राम प्रकाश गुप्ता मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा नवजात शिशुओं के साथ केक काटकर बेबी किट का वितरण किया गया।
उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने चिकित्सालयों का निरीक्षण करते हुए भर्ती महिलाओं से संवाद किया तथा लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं।
इसके पश्चात उन्होंने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय बालिका गृह, सिंधी खेड़ा (पारा) तथा वन स्टॉप सेंटर, लखनऊ का निरीक्षण किया। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर एवं विज्ञान फाउंडेशन के सहयोग से एनआईओएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली 63 बालिकाओं को बैग वितरित किए गए।
निरीक्षण के दौरान बालिकाओं एवं शिशुओं से बातचीत करते हुए उपाध्यक्ष ने उनकी शिक्षा, सुरक्षा एवं पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधीक्षिका को निर्देश दिए कि बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कौशल विकास एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सफल व्यक्तियों की प्रेरक कहानियों को दृश्य एवं श्रव्य माध्यमों से प्रदर्शित करने पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में राज्य महिला आयोग के सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शरण पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान अपर्णा यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं पुनर्वास को प्राथमिकता देते हुए जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
