बुधवार, 20 मई 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की लोक निर्माण विभाग की बड़ी समीक्षा, गौतमबुद्धनगर में 30 हजार लाख से अधिक की विकास योजनाओं पर मंथन!!

शेयर करें:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की लोक निर्माण विभाग की बड़ी समीक्षा, गौतमबुद्धनगर में 30 हजार लाख से अधिक की विकास योजनाओं पर मंथन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सड़क सुरक्षा, ग्रामीण सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और लघु सेतु निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 20 मई 2026

उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोक निर्माण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की व्यापक समीक्षा करते हुए प्रदेशभर में प्रस्तावित विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के उपरांत गौतमबुद्धनगर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में लोक निर्माण विभाग की प्रस्तावित कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दादरी विधायक तेजपाल नागर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जनपद में प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कंचन ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभाग द्वारा व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। सीएमजीएसवाई योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 62.200 किलोमीटर लंबाई के नए मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है, जिस पर लगभग 4645.88 लाख रुपये व्यय होने का अनुमान है।

इसके अलावा जनपद की प्रमुख सड़कों को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से 78.770 किलोमीटर लंबाई के मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 25615.26 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है।

यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए 124 मीटर लंबाई के लघु सेतुओं के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिस पर करीब 1121.02 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 3.150 किलोमीटर लंबाई में सड़क सुरक्षा संबंधी विशेष कार्य प्रस्तावित किए गए हैं, जिन पर लगभग 115.49 लाख रुपये की लागत आएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी भू-अर्जन बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. नारायण पांडेय सहित लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।