बुधवार, 29 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: याकूबपुर में भाकियू की गर्जना: किसानों की समस्याओं पर बड़ा आंदोलन का ऐलान, संगठन हुआ और मजबूत!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: याकूबपुर में भाकियू की गर्जना: किसानों की समस्याओं पर बड़ा आंदोलन का ऐलान, संगठन हुआ और मजबूत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 29 अप्रैल 2026।
दो टूक//नोएडा के याकूबपुर गांव में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के तत्वावधान में किसान संगोष्ठी एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और युवाओं की भागीदारी ने इसे एक प्रभावशाली जनसभा का रूप दे दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया, जबकि अध्यक्षता अजीत भाटी ने संभाली। मंच संचालन मांगेराम शर्मा और महेश खटाना ने संयुक्त रूप से किया।

गांव में भाकियू पदाधिकारियों के आगमन पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। अतिथियों को पगड़ी पहनाकर और मालाएं अर्पित कर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्साह और एकजुटता से भर गया।

संगोष्ठी के दौरान किसानों ने अपनी प्रमुख समस्याओं को खुलकर सामने रखा। इनमें 64% अतिरिक्त मुआवजा, 10% आवासीय भूखंड, आबादी निस्तारण, नोएडा प्राधिकरण की नीतियों में सुधार, विद्युत विभाग से संबंधित परेशानियां और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। किसानों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी भी जाहिर की।

इस अवसर पर भाकियू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि संगठन उनकी हर लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो गौतम बुद्ध नगर में बड़ा और निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। सुभाष चौधरी ने अपने संबोधन में संगठन की विचारधारा और किसान हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को स्पष्ट करते हुए कहा कि भाकियू किसानों की आवाज को हर स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर संघर्षरत है।

जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने नेतृत्व में संगठन को लगातार मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट कहा कि भाकियू किसी भी कीमत पर किसानों के हक से समझौता नहीं करेगा। अशोक भाटी ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती, एकता और संघर्ष की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उनके नेतृत्व में भाकियू क्षेत्र में तेजी से विस्तार कर रहा है और किसानों के बीच भरोसे का मजबूत आधार बना रहा है।

कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार को भी विशेष महत्व दिया गया। अशोक भाटी ने याकूबपुर निवासी प्रदीप भाटी पुत्र फिरे नंबरदार को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही बाबा टिकैत के विचारों से प्रेरित होकर जुड़े कई युवाओं—सूर्यांश कुमार, अभिषेक कुमार, अश्विनी कुमार, अमन प्रताप सिंह, शीलू कुमार, गौरव भाटी, हर्ष भाटी, अर्चित पाल, सचिन प्रजापति, अनुज भाटी, हर्षु कुमार सहित दर्जनों युवाओं को संगठन की सदस्यता दिलाई गई।

इस दौरान ओमवीर खारी, कर्मवीर भाटी, उमेश भाटी, हरेंद्र प्रधान, अतेंद्र नंबरदार, हरि भाटी, बले भाटी, राजवीर सरपंच, विजय खटाना सहित झलकेश बाबूजी, विकास गुर्जर, विपिन तंवर, श्रीपाल कसाना, रविंद्र भगतजी, सुंदर बाबा, जोगिंदर भड़ाना, संजय फौजी, संदीप अवाना, प्रमोद टाइगर, राजकुमार प्रजापति समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंत में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि संगठन किसानों की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करेगा और जरूरत पड़ने पर बड़े आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगा।।