गौतमबुद्धनगर: 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, इकोटेक-3 पुलिस की बड़ी कामयाबी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक-3 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित ₹25,000 के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 19 मार्च 2026 को थाना ईकोटेक-3 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नूर उर्फ सोनू उर्फ छोटू पुत्र इसराइल को चौगानपुर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता से उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नूर उर्फ सोनू उर्फ छोटू (28 वर्ष) निवासी ग्राम सातवीटा, थाना ग्वाल पोखर, जिला उत्तरी दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह ग्राम हबीबपुर, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ थाना ईकोटेक-3 में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मामले शामिल हैं। वर्ष 2024 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ कुल छह मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट भी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी इलाके में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और उसके खिलाफ पहले से इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, जिसमें उसके अन्य साथियों और गिरोह से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
