मऊ :
अवैध पटाखों के गोदाम पर पुलिस का छापा,प्रतिबंधित पटाखों का मिला जखीरा।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की सक्रियता के बीच चिरैयाकोट कस्बे में अवैध रूप से रखे गए आतिशबाजी के सामान और पटाखों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। रविवार शाम पुलिस ने एक गोदाम पर छापा मारकर 25 कार्टून में रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे और आतिशबाजी के सामान बरामद किए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
विस्तार :
मोहम्दाबाद सीओ जितेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान चिरैयाकोट कस्बे में अवैध रूप से आतिशबाजी का सामान रखे जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य पुलिस टीम के साथ जमीन दुर्गा निवासी गोविंद मद्धेशिया पुत्र स्व. प्रेमचंद्र मद्धेशिया के गोदाम पर पहुंचे और छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां 25 कार्टून में विभिन्न प्रकार के पटाखे और आतिशबाजी के सामान मिले।
पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से आतिशबाजी के सामान के भंडारण का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गोविंद मद्धेशिया को गिरफ्तार कर बरामद आतिशबाजी के सामान को कब्जे में ले लिया।
चार लाख रुपये का बताया जा रहा सामान
पुलिस के मुताबिक, बरामद पटाखों और आतिशबाजी के सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है। मामले में थाना चिरैयाकोट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
