लखनऊ :
मरणासन्न स्थिति में पहुंचे आश्रय स्थल के मवेशी ।।
।। ए के चतुर्वेदी ।।
दो टूक : अंबेडकर नगर में जलालपुर के आस्ताबाद पशु आश्रय स्थल में इन दिनों पशुओं की स्थिति दयनीय है। चारा- पानी व देख-रेख के अभाव में आश्रय स्थल में पल रहे मावेशी मरणासन्न स्थिति में पहुंच गए हैं। आए दिन सफाई कर्मियों की लापरवाही से मवेशी बाड़ा तोड़कर बाहर निकल रहे हैं।
आश्रय स्थल में इस समय 150 से अधिक मवेशी रखे गए हैं। यहां पशुओं को सिर्फ भूसा खिलाया जा रहा है। देखरेख के अभाव में मवेशी दिन प्रतिदिन सूख रहे हैं। ठंड का मौसम धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। ठंड से बचाव के इंतजाम न होने से आए दिन पशु बीमार हो रहे हैं। पशुओं की देखरेख के लिए शिफ्ट वार सफाई कर्मी लगाए गए हैं। लेकिन वह ज्यादा तर ड्यूटी से गायब ही रहते हैं। मवेशियों को सही समय पर चारा नहीं मिलने से भूख से तड़प रहे हैं। इनमें से कई तो मरने की कगार पर है। गुरुवार को पड़ताल में यहां की स्थिति चौंकाने वाली रही। मवेशियों की देखभाल के लिए यहां अवधेश के रूप में एक सफाई कर्मी मिला।
भूख और प्यास से तड़प रहे पशु ठीक से चल भी नहीं पा रहे हैं। आश्रय स्थल में मीडिया कर्मियों के प्रवेष को रोक दिया गया है। एडियो पंचायत बृजेश तिवारी से फोन पर बात कराने के बाद भी सफाई कर्मी ने पशु आश्रय स्थल का गेट नहीं खोला । आखिर पशु आश्रय स्थल में ऐसा क्या हो रहा है जो जिम्मेदार छिपाना चाहते हैं। यहां प्रधान व सचिव की मनमानी ऐसी है की एडियो पंचायत का आदेश भी कोई मायने नहीं रखता है। एडियो पंचायत बृजेश तिवारी ने कहा पत्रकारों को पशु आश्रय स्थल के अंदर जाने से रोकने का कोई आदेश नहीं है। प्रधान से बात करते हैं। कुछ देर बाद दोबारा फोन करने पर फोन रिसीव नहीं किया वह भी मौन साध गए।