लखनऊ :
TET परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह बैठा मुन्नाभाई गिरफ्तार।।
कूटरचित आधार कार्ड और दस्तावेजों के सहारे दे रहा था परीक्षा।
दो टूक : लखनऊ के थाना हुसैनगंज क्षेत्र में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में फर्जीवाड़ा कर दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी को जांचोपरांत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कूटरचित आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के सहारे परीक्षा में शामिल हुआ था। पुलिस ने उसके कब्जे से आधार कार्ड, प्रवेश पत्र, प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर शीट की कार्बन प्रति समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं परीक्षा में दूसरे की पहचान पर सेंधमारी करने वाले आरोपी का फर्जीवाड़ा परीक्षा केंद्र पर ही पकड़ में आ गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार :
थाना हुसैनगंज प्रभारी शिवमंगल सिंह ने बताया कि बीते 3 नवंबर को बप्पा श्रीनारायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य ने हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि निहाल अहमद ने अपने मित्र अरुण कुमार के साथ मिलकर कूटरचित आधार कार्ड और दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। वह विश्वनाथ कुमार वर्मा पुत्र चंद्रशेखर वर्मा के स्थान पर परीक्षा में शामिल हुआ था। संबंधित अभ्यर्थी का रोल नंबर 0701033428 बताया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 175/2026 के तहत बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 8/13(5) में मुकदमा दर्ज किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को शाम करीब 5:50 बजे परीक्षा केंद्र से आरोपी निहाल अहमद (47) पुत्र अवसाफ अहमद निवासी शांतिनगर, थाना कोतवाली, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मूल आधार कार्ड, उसकी छायाप्रति, प्रश्न पुस्तिका, ओएमआर शीट की कार्बन प्रति, एडमिट कार्ड, रेलवे टिकट, तीन पासपोर्ट साइज फोटो और एक मूल पहचान पत्र बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
