मंगलवार, 3 नवंबर 2026

मऊ : पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग हादसे की दे रही दावत,जान जोखिम में डालकर लोग कर रहे आवागमन।।||Mau: The damaged railing of the bridge is inviting accidents, and people are risking their lives while crossing it.

शेयर करें:
मऊ : 
पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग हादसे की दे रही दावत,जान जोखिम में डालकर लोग कर रहे आवागमन।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : जनपद मऊ -कोपागंज मार्ग पर बापू इंटर कॉलेज के पास लंबे समय से नहीं हुई मरम्मत, स्कूली बच्चों से लेकर राहगीरों तक की सुरक्षा पर खतरा
मण्डरा रहा है।
विस्तार: 
मऊ जनपद के कोपागंज से मऊ जाने वाले मुख्य मार्ग पर बापू इंटर कॉलेज के पास स्थित पुल की ईंट की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से पुल की रेलिंग टूट गई थी। घटना के काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। पुल की रेलिंग टूटने से वहां एक खुली जगह बन गई है, जो किसी बड़े हादसे को दावत दे रही है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। खास बात यह है कि इसी रास्ते से कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी रोजाना आते-जाते हैं। इसके अलावा जिले के आला अधिकारियों का भी इसी मार्ग से आवागमन होता है। ऐसे में पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग की अनदेखी राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के लिए भी गंभीर खतरा बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय तो किसी तरह लोग सावधानी बरतकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में पुल की टूटी रेलिंग और खुली जगह दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग का तत्काल निर्माण कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।