लखनऊ :
साइबर अपराध पर पुलिस का प्रहार,
बड़े नेटवर्क का खुलासा।
●चीन निर्मित उपकरणों से विदेशों तक जुड़े तारों की जांच।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में अवैध सिम बॉक्स नेटवर्क के खुलासे के बाद पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने ऑपरेशन डिजिटल कवच के तहत बरामद छह 32-पोर्ट सिम बॉक्स से जुड़े तकनीकी और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी है। जांच में इन उपकरणों पर 'मेड इन चाइना' अंकित मिला है, जबकि इनसे 192 ई-सिम सक्रिय पाए गए हैं। पुलिस अब उपकरणों के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और भारत में इनके प्रवेश के रास्तों की जांच कर रही है।
विस्तार :
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट साइबर क्राइम अधिकारी आईपीएस किरन यादव के मुताबिक पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान शहर के अलग-अलग स्थानों से छह 32-पोर्ट सिम बॉक्स, राउटर, VPN गेटवे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक व नेटवर्किंग उपकरण बरामद किए गए थे। तकनीकी जांच में सामने आया कि इन उपकरणों पर चीन निर्मित होने का उल्लेख है। तलाशी के दौरान साउंड एम्पलीफायर के खुले हुए पुर्जे और उनसे संबंधित सामग्री भी मिली है। पुलिस को आशंका है कि अवैध सिम बॉक्स को साउंड एम्पलीफायर के रूप में अवैध तरीके से भारत लाया गया हो सकता है। इसकी पुष्टि के लिए जांच की जा रही है।
CCTV की जगह वाई-फाई फेस डोरबेल से रखते थे निगरानी
जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। आरोपियों ने कमरों और परिसर की निगरानी के लिए मुख्य दरवाजे पर सामान्य सीसीटीवी कैमरा लगाने के बजाय वाई-फाई से जुड़ी फेस डोरबेल का इस्तेमाल किया था। इसके जरिए परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी। पुलिस बरामद उपकरणों के तकनीकी विवरण और संबंधित टेलीकॉम कंपनियों से भी जानकारी जुटा रही है।
भारतीय नंबर से विदेश में बैठकर कॉल कराने का खेल
सिम बॉक्स ऐसा दूरसंचार उपकरण है, जिसमें एक साथ कई सिम कार्ड लगाए जा सकते हैं। इसका इस्तेमाल इंटरनेट के जरिए आने वाली कॉल को मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से आगे भेजने में किया जा सकता है। साइबर अपराधी विदेश में बैठकर इंटरनेट के माध्यम से भारत में लगे सिम बॉक्स तक कॉल पहुंचा सकते हैं। इसके बाद भारतीय सिम कार्ड के जरिए पीड़ित के मोबाइल पर कॉल पहुंचती है। ऐसे में पीड़ित को भारतीय मोबाइल नंबर दिखाई देता है, जबकि कॉल का वास्तविक संचालक विदेश में बैठा हो सकता है। इस तकनीक का इस्तेमाल कॉल की असली पहचान छिपाने और बड़े पैमाने पर फर्जी कॉल संचालित करने में किया जा सकता है।
डिजिटल अरेस्ट और निवेश ठगी में इस्तेमाल की आशंका
पुलिस के मुताबिक, इस तरह की अनधिकृत दूरसंचार व्यवस्था का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, निवेश धोखाधड़ी और अधिकारी बनकर ठगी करने जैसे साइबर अपराधों में किया जा सकता है। अपराधी खुद को पुलिस, कानून प्रवर्तन एजेंसी या किसी सरकारी संस्थान का अधिकारी बताकर लोगों को निशाना बना सकते हैं। हालांकि, इस मामले में किसी विशेष संगठन या नेटवर्क से संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
देशभर की साइबर शिकायतों से होगा तकनीकी मिलान
बरामद सिम बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले IMEI सहित तकनीकी पहचान विवरणों की गहन जांच की जा रही है। इनका राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायतों से मिलान कराया जा रहा है। संबंधित तकनीकी जानकारियां भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के साथ भी साझा की जा रही हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि इन उपकरणों का इस्तेमाल देश के दूसरे हिस्सों में दर्ज साइबर अपराधों में तो नहीं हुआ।
मकान मालिकों को पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने मकान मालिकों और संपत्ति स्वामियों से किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने तथा किराये पर दिए गए परिसर का समय-समय पर निरीक्षण करने की अपील की है। सामान्य बाजार दर से असामान्य रूप से अधिक किराया देने, परिसर के इस्तेमाल की स्पष्ट जानकारी नहीं देने या बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक और नेटवर्किंग उपकरण लगाने वाले किरायेदारों से सतर्क रहने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की गई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि भारत सरकार के Telecommunications (Radio Equipment Possession Authorisation) Rules, 2026 के तहत चार से अधिक सिम की क्षमता वाले संबंधित रेडियो उपकरणों का कब्जा और उपयोग आवश्यक प्राधिकरण एवं नियमों के अधीन है। ऐसे में बरामद 32-पोर्ट सिम बॉक्स की वैधानिक अनुमति, भारत में प्रवेश के माध्यम और इस्तेमाल की विस्तृत जांच की जा रही है।
