बुधवार, 4 नवंबर 2026

लखनऊ : जेसीबी ने बुजुर्ग महिला को कुचला,मौके पर हुई दर्दनाक मौत भारी आक्रोश।||Lucknow:An elderly woman was crushed by a JCB,She died tragically on the spot, causing widespreadoutrage.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
जेसीबी ने बुजुर्ग महिला को कुचला,
मौके पर हुई दर्दनाक मौत भारी 
आक्रोश।
◆चालक की तलाश में जुटी पुलिस, जेसीबी कब्जे मे।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में सड़क खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अंधे की चौकी के पास मल्टी केयर हॉस्पिटल के सामने सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने मौके पर हंगामा किया। पुलिस ने जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार : 
थाना दुबग्गा पुलिस के मुताबिक बुधवार 4 नवंबर को सुबह करीब 11:40 बजे अंधे की चौकी के पास सड़क खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक मशीन को बैक कर रहा था। तभी वहां मौजूद बुजुर्ग महिला मशीन की चपेट में आ गई। जेसीबी से कुचलने के कारण महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान समीरा पत्नी छोटा, निवासी बेबी मार्टिन स्कूल के पास, थाना दुबग्गा, लखनऊ के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 60 वर्ष बताई गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों को पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया है। वहीं चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम समेत आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।