लखनऊ :
फार्म हाउस के बाहर युवक पर जानलेवा हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार।।
◆पूर्व रंजिश में सुपारी देकर हत्या की रची थी साजिश, तीन तमंचे और कारतूस बरामद।
दो टूक : लखनऊ के थाना बीकेटी क्षेत्र में फार्म हाउस के बाहर युवक पर तमंचे से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते मुख्य आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, दो खोखे/मिस कारतूस तथा एक ई-रिक्शा बरामद किया गया है। पुलिस उपायुक्त उत्तरी ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
विस्तार :
DCP उत्तरी अमित कुमार आनंद ने बताया कि - बीते एक नवंबर की रात करीब 8:07 बजे अनिल निवासी मानपुर लाला, अस्ती रोड स्थित अजीत मौर्या के फार्म हाउस से मोटरसाइकिल लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान फार्म हाउस के गेट पर एक युवक ने उससे पानी मांगा। अनिल के मुताबिक, तभी झाड़ियों से दो अन्य युवक निकल आए और तीनों ने तमंचे से उस पर हमला कर दिया। एक हमलावर का तमंचा पकड़ने की कोशिश में गोली चल गई, जिससे उसके हाथ और पेट में चोटें आईं। जान बचाने के लिए वह बाइक छोड़कर फार्म हाउस के अंदर भाग गया। हमलावरों ने उसे मारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह बच निकला।
पीड़ित की तहरीर पर बीकेटी थाने में मुकदमा संख्या 431/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना में उत्तम सिंह, शुभम राजपूत, शिवम राजपूत, शिवम पाल और अजय यादव के नाम सामने आए। पुलिस ने चार नवंबर को मुखबिर की सूचना पर मामपुर बाना अंडरपास के पास सर्विस लेन से लगे प्लॉट में दबिश देकर पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी रंजिश में रची गई हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2025 को अनिल और उत्तम सिंह के परिवार के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि शराब के नशे में अनिल ने उत्तम और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसी घटना को लेकर बीकेटी थाने में पहले भी मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस का दावा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उत्तम ने साथियों के साथ मिलकर अनिल की हत्या की योजना बनाई और सुपारी देकर उस पर फायरिंग कराई।
तीन तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के दो और 12 बोर का एक अवैध तमंचा, .315 बोर के चार जिंदा कारतूस व एक खोखा, 12 बोर के दो जिंदा कारतूस व एक मिस कारतूस तथा एक ई-रिक्शा बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में 3/25 आर्म्स एक्ट और साजिश के तथ्यों के आधार पर धारा 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तम सिंह (25), शुभम राजपूत (20), शिवम राजपूत (19), शिवम पाल (23) और अजय यादव (22) शामिल हैं। उत्तम सिंह खेती और प्रॉपर्टी डीलिंग, शिवम पाल सब्जी की दुकान, शिवम राजपूत ऑटो चलाने, अजय यादव एक स्टोर में नौकरी और शुभम राजपूत खेती का काम करता है।
पुलिस के मुताबिक, उत्तम सिंह के खिलाफ बीकेटी थाने में वर्ष 2025 में मारपीट और धमकी से संबंधित एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
