लखनऊ :
मेला देखकर लौट रहे मजदूर की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में मेला देखकर घर लौट रहे 25 वर्षीय मजदूर की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। रेलवे पटरी के रास्ते पैदल घर जा रहे युवक को अचानक आई ट्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
विस्तार :
लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के बिंदौवा मजरा गनेणगंज निवासी उमेश (25) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपनी पत्नी प्रीति और दो बच्चों रिमझिम व अंगद के साथ रहता था। मृतक के बड़े भाई कमलेश के मुताबिक, सोमवार शाम उमेश बिंदौवा गांव में मेला देखने गया था। मेला देखने के बाद वह रेलवे लाइन के रास्ते पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेन की चपेट में आने से उसकी जान चली गई।
हादसे की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो युवक का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर जीआरपी और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
