गौतमबुद्धनगर: जेवर में पुलिस और हत्याकांड के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़, गोली लगने से सालू घायल; अवैध तमंचा व कारतूस बरामद!!
इमरान हत्याकांड में फरार चल रहा था आरोपी, पुलिस टीम पर की फायरिंग; गौतमबुद्धनगर समेत तीन जनपदों में दर्ज हैं 11 मुकदमे
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की जेवर थाना पुलिस और हत्या के मामले में वांछित आरोपी के बीच बुधवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सालू पुत्र फिरोज खान निवासी मोहल्ला पठानटोला, कस्बा पहासू, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागा, पीछा करने पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 4 और 5 नवंबर की मध्यरात्रि को जेवर थाना पुलिस जहांगीरपुर से गांव हसनपुर की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय वापस मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए।
7 अक्टूबर की रात गोली मारकर की गई थी इमरान की हत्या
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सालू थाना जेवर क्षेत्र में हुए इमरान हत्याकांड में वांछित चल रहा था। 7 अक्टूबर 2026 की रात इमरान (करीब 36 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के परिजन की शिकायत पर 8 अक्टूबर को थाना जेवर में मुकदमा अपराध संख्या 332/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि सालू ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इसी मुकदमे में सालू फरार चल रहा था।
तीन जनपदों में दर्ज हैं 11 आपराधिक मुकदमे
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, अवैध हथियार, जुआ, बिजली चोरी, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित मुकदमे शामिल हैं। इनमें थाना जेवर में दर्ज हत्या का मुकदमा और एक अन्य मामला भी शामिल है।
गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
