गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण में प्रवेश पास के नाम पर आम जनता की परेशानी, बुजुर्ग महिला-पुरुष घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर!!
चार प्रवेश काउंटर होने के बावजूद दो पर ही बन रहे पास, सिस्टम न होने का दिया जा रहा हवाला; जनसुनवाई का समय भी हो रहा बर्बाद
दो टूक//नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन, सेक्टर-96 में प्रवेश के लिए बनाए जाने वाले पास की व्यवस्था आम जनता के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। प्राधिकरण में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले लोगों को जनसुनवाई तक पहुंचने से पहले ही प्रवेश पास बनवाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। इस अव्यवस्था का सबसे अधिक खामियाजा बुजुर्ग महिला-पुरुषों को भुगतना पड़ रहा है।
बुधवार को ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अशोक चौहान नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन पहुंचे। प्रवेश के लिए स्वागत कक्ष में पास बनवाने के दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्था का जायजा लिया तो देखा कि दो लंबी कतारों में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष खड़े हुए थे। इनमें बड़ी संख्या में बुजुर्ग भी शामिल थे, जो काफी देर से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
अशोक चौहान ने जब स्वागत कक्ष में मौजूद प्राधिकरण के कर्मचारियों से जानकारी ली कि प्रवेश पास बनाने के लिए चार काउंटर निर्धारित होने के बावजूद केवल दो काउंटरों पर ही पास क्यों बनाए जा रहे हैं, तो कर्मचारियों की ओर से जवाब मिला कि बाकी काउंटरों पर सिस्टम उपलब्ध नहीं है। इसके चलते दो ही काउंटरों से पास जारी किए जा रहे हैं।
इस अव्यवस्था के कारण अशोक चौहान को भी काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। घंटों इंतजार करने के बाद कहीं जाकर उन्हें प्राधिकरण में प्रवेश के लिए पास मिल सका। जब एक व्यक्ति को पास बनवाने में इतना समय लग रहा है, तो दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर आने वाले सैकड़ों लोगों की परेशानी का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
अशोक चौहान ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि नोएडा प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए। आखिर चार काउंटर होने के बावजूद सभी पर पास बनाने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई है? क्या आम जनता, बुजुर्गों और महिलाओं के समय तथा सुविधा का कोई महत्व नहीं है? लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर प्राधिकरण पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें जनसुनवाई तक पहुंचने से पहले ही घंटों कतार में खड़े होकर अपना समय गंवाना पड़ता है। कई बार पास बनवाने में ही इतना समय बीत जाता है कि लोगों की जनसुनवाई का निर्धारित समय समाप्त हो जाता है।
उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में आने वाले नागरिकों के लिए प्रवेश व्यवस्था सरल, सुगम और व्यवस्थित होनी चाहिए। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर पास बनाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
अशोक चौहान ने नोएडा प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि स्वागत कक्ष के चारों काउंटरों पर तत्काल कंप्यूटर सिस्टम एवं आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था कराई जाए, ताकि सभी काउंटरों पर प्रवेश पास बनाए जा सकें। साथ ही बुजुर्गों और महिलाओं के लिए अलग से प्राथमिकता काउंटर की व्यवस्था की जाए, जिससे आम नागरिकों को सम्मान के साथ बिना अनावश्यक इंतजार किए प्राधिकरण में प्रवेश मिल सके।
अब देखना यह है कि नोएडा प्राधिकरण के उच्च अधिकारी इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और आम जनता को इस रोजमर्रा की परेशानी से निजात दिलाने के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।।
