गौतमबुद्धनगर: दीपावली पर उज्ज्वला योजना के 1.89 करोड़ परिवारों को बड़ी राहत, 1,500 करोड़ की सब्सिडी जारी!!
गौतमबुद्धनगर में 94,174 लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित, केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर देंगी 939.50 रुपये की सब्सिडी
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 03 नवंबर 2026।दीपावली के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं और उनके परिवारों को सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ प्रदान किया गया। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से कुल 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। सरकार की इस पहल से त्योहार के अवसर पर करोड़ों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।
इसी क्रम में मंगलवार को गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद स्तरीय गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला पूर्ति अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों की माताओं-बहनों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिलने के साथ उनके स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की सुगमता को भी बढ़ावा मिला है। दीपावली के अवसर पर गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी उपलब्ध कराना परिवारों को आर्थिक संबल देने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कदम है।
94,174 महिलाओं को मिलेगा सब्सिडी का लाभ
कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष की निर्धारित अवधि में दो चरणों में निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ दिया जाएगा। प्रथम चरण अक्टूबर 2026 से दिसंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण जनवरी 2027 से मार्च 2027 तक संचालित होगा।
उन्होंने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान 94,174 लाभार्थी महिलाओं को प्रति लाभार्थी 639.50 रुपये की सब्सिडी धनराशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमत और सब्सिडी का विवरण देते हुए बताया कि 14.2 किलोग्राम के एक गैस सिलेंडर की कीमत 939.50 रुपये निर्धारित है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 639.50 रुपये तथा केंद्र सरकार की ओर से 300 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इस प्रकार लाभार्थियों को कुल 939.50 रुपये की सब्सिडी का लाभ मिलेगा।
महिलाओं को स्वच्छ ईंधन और परिवारों को आर्थिक राहत
उज्ज्वला योजना के माध्यम से सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराने के साथ गैस सिलेंडर रिफिल कराने में आर्थिक सहायता देना है। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर सब्सिडी का लाभ मिलने से लाभार्थी परिवारों को घरेलू बजट में राहत मिलेगी और महिलाओं को स्वच्छ ईंधन के उपयोग के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, आपूर्ति विभाग के निरीक्षकों सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।।
