गौतमबुद्धनगर: व्हाट्सएप पर चल रहा था गांजे की तस्करी का खेल, नोएडा पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा; 12.2 किलो गांजा बरामद!!
डिलीवरी कंपनी के नाम वाले पैकेटों में छिपाकर करते थे सप्लाई, फ्लैटों, पीजी, हॉस्टल और कॉलेज के छात्रों तक पहुंचाते थे नशे की खेप
दो टूक मीडिया | नोएडा
नोएडा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ थाना सेक्टर-58 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्हाट्सएप के जरिए गांजे की तस्करी और बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और गांजे की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले 42 प्रिंटेड पैकेट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से पुलिस टीम ने मेडिसन कट, सेक्टर-57 नोएडा से सुमित राघव को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके बैग से ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी का नाम छपे छोटे-छोटे पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 1 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा मिला।
व्हाट्सएप पर लेते थे ऑर्डर, लोकेशन के आधार पर करते थे सप्लाई
पूछताछ में सुमित ने बताया कि उसे गांजे की सप्लाई उसका साथी मनीष कुमार झा करता था। दोनों दिल्ली-एनसीआर के फ्लैटों, पीजी, हॉस्टलों और कॉलेजों में रहने वाले युवकों को व्हाट्सएप के माध्यम से गांजा सप्लाई करते थे। ग्राहक व्हाट्सएप पर अपनी लोकेशन भेजते थे, जिसके आधार पर उन्हें गांजे की डिलीवरी दी जाती थी। बिक्री से मिलने वाली रकम ऑनलाइन माध्यम से मनीष तक पहुंचाई जाती थी।
आरोपी गांजे को 25 से 30 ग्राम के छोटे-छोटे पैकेटों में भरकर ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के नाम वाले पैकेटों में रखते थे, ताकि डिलीवरी के दौरान किसी को शक न हो।
टेक्निकल इंजीनियर कर रहा था गांजे की सप्लाई
सुमित से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी मनीष कुमार झा को ईएसआई कॉलोनी, सेक्टर-56 नोएडा के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, मनीष टेक्निकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। पूछताछ में आरोपियों के एक अन्य साथी अमित का नाम भी सामने आया है, जो गांजा तस्करी के मामले में पहले से ही गुवाहाटी (असम) की जेल में बंद है।
दोनों आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित राघव (36 वर्ष), मूल निवासी ग्राम भोजपुर, थाना बहजोई, जिला संभल, हाल निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद और मनीष कुमार झा (33 वर्ष), मूल निवासी ग्राम कल्याणपुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार, हाल निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में मु0अ0सं0 385/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में गांजे की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।
बरामदगी:
- 12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा।
- एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर यूपी16ईके-8771।
- दो मोबाइल फोन।
- गांजे की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले 42 प्रिंटेड पैकेट।
नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई ने नशे के कारोबार के लिए ऑनलाइन माध्यम और डिलीवरी के नए तरीकों के इस्तेमाल का खुलासा किया है।।
