सुल्तानपुर :
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रकों से माल उड़ाने वाले गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार।।
●तमंचे और लाखों का चोरी का सामान बरामद।।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के कूरेभार क्षेत्र पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रकों और अन्य मालवाहक वाहनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को कूरेभार पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित ट्रकों का तिरपाल और रस्से काटकर उनमें लदा सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,07,400 रुपये नकद, दो कारें, दो अवैध तमंचे, चार कारतूस और विभिन्न कंपनियों का चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के तार सुलतानपुर के कूरेभार, धनपतगंज और गोसाईंगंज थाना क्षेत्रों में हुई पांच चोरी की घटनाओं से जुड़े हैं।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जयसवाल के अनुसार बीते तीन अगस्त की रात मैनपुरी निवासी ट्रक चालक धर्मपाल सिंह ने कूरेभार थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 123.2 के पास अपना ट्रक खड़ा किया था। ट्रक में जयपुर से बिहार के पूर्णिया ले जाए जा रहे धारा ब्रांड सरसों के तेल के 2,355 कार्टून लदे थे। चार अगस्त की सुबह करीब साढ़े तीन बजे अन्य वाहन चालकों ने उसे जगाया और तिरपाल व रस्से कटे होने तथा माल चोरी होने की जानकारी दी। चालक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया।
दो कारों से करते थे रेकी, फिर उड़ाते थे माल
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर आरोपितों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सेउर गांव के दक्षिण जाने वाले अंडरपास के नीचे से पकड़ा गया। मौके से वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्कॉर्पियो और सफेद रंग की अर्टिगा कार बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे दोनों कारों से हाईवे पर घूमते थे। सुनसान जगह पर ट्रक या अन्य वाहन खड़ा कर चालक के सो जाने पर तिरपाल और रस्से काटकर उसमें रखा सामान चोरी कर लेते थे।
चार अन्य घटनाओं में भी सामने आया नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने धनपतगंज थाना क्षेत्र में आठ फरवरी, 12 अप्रैल और तीन मई 2026 को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहनों से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा 15 मई को गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर अंडरपास, फुलौना के पास भी वाहन से चोरी की गई थी। इन चार घटनाओं के संबंध में धनपतगंज थाने में तीन और गोसाईंगंज थाने में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस इन सभी मामलों में बरामद सामान और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।
तेल, इन्वर्टर, बैटरी से लेकर शराब तक बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1,07,400 रुपये नकद, 115 लीटर सरसों का तेल, ल्यूमिनस कंपनी के चार इन्वर्टर, ई-रिक्शा की चार बैटरी, नेस्ले दूध पाउडर के 72 पैकेट और इलेक्ट्रॉनिक झालर के 10 कार्टून बरामद किए हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शराब की 228 शीशियां, देशी शराब के 315 पाउच/बोतल, श्रीराम सुपर-303 गेहूं के बीज की 18 बोरियां, एक चाकू और एक टॉर्च भी मिली है। प्रत्येक बोरी में 20 किलोग्राम बीज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने दो अवैध तमंचे और चार कारतूस भी बरामद किए हैं।
गोरखपुर के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमरजीत निषाद, सूर्यभान सिंह, अतुल निषाद, हिमांशु साहनी, विजय निषाद, शिवनाथ मद्धेशिया उर्फ बमबम और गोवर्धन मद्धेशिया उर्फ भेलई के रूप में हुई है। सभी गोरखपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपितों के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उनके आपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है।
