लखनऊ :
निगोहां में खुले कुएं ने ली बुजुर्ग की जान,घंटो चला रेस्क्यू,घर मे मचा कोहराम।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना निगोहां के लालपुर गांव में बुधवार को करीब 200 साल पुराने खुले कुएं में गिरने से 80 वर्षीय बुजुर्ग सरदार की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद बुजुर्ग को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी कुएं में वर्ष 2012 में भी एक किशोर की गिरकर जान चली गई थी। कई मवेशियों की मौत के बावजूद कुएं को बंद नहीं कराया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुएं को बंद कराने की मांग की है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना निगोहां क्षेत्र लालपुर निवासी बुजुर्ग सरदार बुधवार सुबह खाना खाने के बाद घर से निकले थे। कुछ देर बाद एक पड़ोसी ने उनके कुएं में गिरने की आशंका जताई। परिजन मौके पर पहुंचे तो कुएं के पास उनकी लाठी और चप्पलें पड़ी मिलीं। कुएं के पानी में गमछा दिखाई देने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
सूचना पर निगोहां पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। कुएं में पानी अधिक होने के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कत आई। पानी निकालने के लिए ट्रैक्टर और बोरवेल इंजन की मदद ली गई, लेकिन कुएं में दोबारा पानी भरने से रेस्क्यू में देरी हुई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे बुजुर्ग के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
●मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी।
मृतक के बेटे शिवदर्शन ने बताया कि उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। परिवार में उनकी पत्नी सुखरानी, बेटा शिवदर्शन और बहू हरवादेई हैं। बुजुर्ग की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
●2012 में भी गई थी किशोर की जान।
ग्रामीणों के मुताबिक, खेत में बना यह कुआं करीब 200 साल पुराना है और लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं है। वर्ष 2012 में रामचंद्र के 19 वर्षीय बेटे सूरज की भी इसी कुएं में गिरने से मौत हो गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि कई मवेशी भी इस खुले कुएं में गिरकर जान गंवा चुके हैं।
बार-बार हादसों के बावजूद खुले पड़े कुएं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से कुएं को तत्काल बंद कराने या सुरक्षित ढंग से ढकवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और की जान खतरे में न पड़े।
