शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

लखनऊ : दीपावली-छठ पर यूपी में दौड़ेंगी रोडवेज की अतिरिक्त बसें,12 दिन मिलेगी विशेष सेवा।||Lucknow: Additional roadways buses will run in Uttar Pradesh during Diwali and Chhath; special service will be available for 12 days.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
दीपावली-छठ पर यूपी में दौड़ेंगी रोडवेज की अतिरिक्त बसें,12 दिन मिलेगी विशेष सेवा।
6 से 17 नवंबर तक विशेष प्रोत्साहन अवधि, चालक-परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।
दो टूक : दिल्ली से पूर्वांचल के लिए बढ़ेंगी बसें, अनफिट बसों के संचालन पर रोक।  
दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। 
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 6 से 17 नवंबर 2026 तक विशेष प्रोत्साहन अवधि में अधिक से अधिक बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर दिल्ली और गाजियाबाद से पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।
विस्तार :
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान निगम की शत-प्रतिशत बसें ऑनरोड रहें। हालांकि किसी भी स्थिति में अनफिट बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। बसों की मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है। दिल्ली से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा क्षेत्रों के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
चालक-परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन।।
प्रोत्साहन अवधि में संविदा और आउटसोर्सिंग सहित चालक-परिचालकों को निर्धारित मानक पूरा करने पर 400 रुपये प्रतिदिन की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। न्यूनतम 11 दिन ड्यूटी और प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस संचालन करने पर एकमुश्त 4,400 रुपये मिलेंगे। वहीं पूरे 12 दिन ड्यूटी और निर्धारित किलोमीटर का लक्ष्य पूरा करने पर 4,800 रुपये दिए जाएंगे। निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर संचालन करने पर संविदा एवं बाह्य स्रोत के चालक-परिचालकों को 55 पैसे प्रति अतिरिक्त किलोमीटर के हिसाब से भुगतान होगा।
इलेक्ट्रिक बसों पर न्यूनतम 11 दिन ड्यूटी कर 3,300 किलोमीटर संचालन करने वाले चालकों को निर्धारित प्रोत्साहन के अतिरिक्त लगभग 1,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
●कार्यशाला कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ।
परिवहन निगम की डिपो और क्षेत्रीय कार्यशालाओं में लगातार 12 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 2,500 रुपये तथा 11 दिन ड्यूटी करने वालों को 2,100 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधकों और सेवा प्रबंधकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत करने के लिए क्रमशः 10 हजार और पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।
◆बस अड्डों पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।
परिवहन मंत्री ने बस स्टेशनों और बसों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, डिजिटल समय सारिणी और सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर प्रोत्साहन अवधि में अवकाश स्वीकृत नहीं होगा। अनुबंधित बसों के संचालकों को भी मरम्मत कराकर बसें उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन दलों को सक्रिय रहकर जांच करने और सभी चालकों-परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि मंत्री के निर्देशों के अनुपालन के लिए सभी क्षेत्रीय एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।