लखनऊ :
छात्रा से रास्ता रोककर अभद्रता, विरोध पर धक्का-मुक्की और फिर मारपीट का आरोप।।
नगराम में मनचलों के हौसले बुलंद, एंटी रोमियो अभियान पर उठे सवाल।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस के दावों पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। कमालपुर बिचलिका गांव की 12वीं कक्षा की छात्रा ने गांव के ही दो युवकों पर रास्ता रोककर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि विरोध करने पर पहले उसकी बहन से धक्का-मुक्की की गई और बाद में दोबारा रास्ता रोककर मारपीट की गई। घटना ने इलाके में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना नगराम क्षेत्र कमालपुर बिचलिका गांव मे रहने वाली कक्षा 12 की छात्रा 24 अगस्त को वह अपनी बहन राधा के साथ साइकिल से स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही थी।
छात्रा का आरोप है कि रास्ते में कमालपुर बिचलिका निवासी अनुज और अत्यंत पुत्रगण चंदभान ने उनकी साइकिल रोक ली और गाली-गलौज करते हुए अभद्रता एवं अश्लीलता शुरू कर दी। जब हरकत का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की करते हाथा पाई कर दी। शोर मचाने पर दोनों युवक मौके से भाग निकले। इसके बाद घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मामला यहीं नहीं थमा-खेत जाते समय भी की हरकत।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद जब पीड़िता अपने भाई और भाभी रीना के साथ खेत की ओर जा रही थी, तभी दोनों युवकों ने कथित तौर पर दोबारा रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाना नगराम पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
एंटी रोमियो अभियान पर उठे सवाल।
प्रदेश में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो अभियान चलाया जाता है। पुलिस टीमों द्वारा स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाने के दावे भी किए जाते हैं। ऐसे में एक छात्रा का कथित रूप से रास्ता रोककर अभद्रता का शिकार होना और विरोध के बाद दोबारा रास्ता रोककर मारपीट किए जाने का आरोप एंटी रोमियो अभियान की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े करता है।
सवाल यह भी है कि यदि आरोप सही हैं तो गांव और स्कूल आने-जाने वाले रास्तों पर मनचलों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी क्यों नहीं हो सकी? क्या पुलिस की एंटी रोमियो टीम नियमित रूप से ऐसे संवेदनशील रास्तों और छात्राओं के आवागमन वाले क्षेत्रों में गश्त करती है? वहीं, पीड़िता द्वारा दोबारा रास्ता रोके जाने और मारपीट का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस कार्रवाई पर भी निगाहें टिकी हैं।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि छात्रा की शिकायत पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ कितनी प्रभावी कार्रवाई करती है और एंटी रोमियो अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित रहता है या जमीन पर भी उसका असर दिखाई देता है।
