बुधवार, 8 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस को बड़ी सफलता: दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चार चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस को बड़ी सफलता: दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चार चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-113 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में नोएडा, दिल्ली और अन्य राज्यों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से सेक्टर-123 क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उनकी पहचान अभिषेक पाल (22 वर्ष) और प्रदीप पाल (29 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों मूल रूप से जनपद हरदोई के निवासी हैं और वर्तमान में बहलोलपुर, थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में रह रहे थे।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-24 क्षेत्र से चोरी हुई थी, जबकि एक बाइक दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन में वर्ष 2019 में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित निकली। इसके अलावा दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं, जिनके संबंध में पुलिस आवश्यक जांच कर रही है।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद हुए, जिसके आधार पर उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। थाना सेक्टर-113 में उनके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि थाना सेक्टर-24 नोएडा तथा दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन में भी वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि वे किसी संगठित वाहन चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा उनके अन्य साथियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने कहा कि जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।