बुधवार, 8 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर के 4,426 शिक्षकों को मिली ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सौगात, 58,510 छात्रों के खातों में पहुंची डीबीटी राशि!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर के 4,426 शिक्षकों को मिली ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सौगात, 58,510 छात्रों के खातों में पहुंची डीबीटी राशि!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 8 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा और स्कूली छात्रों के हित में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ कर दिया है। इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों और उनके आश्रितों को अब ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं परिषदीय विद्यालयों के लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए ₹1200 प्रति छात्र की धनराशि सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ किया, जिसका गौतमबुद्धनगर में आईआईएमटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिले में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कार्यक्रम के दौरान जनपद के शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए और कहा कि यह योजना शिक्षक समुदाय के सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर के 4,426 शिक्षकों एवं उनके परिवारों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शिक्षक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव होते हैं और सरकार इसी सोच के साथ लगातार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से छात्रों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर सरकार शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित कर रही है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सभी से सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना जनपद के हजारों शिक्षकों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत जिले के 3,089 बेसिक शिक्षक, 634 शिक्षामित्र, 38 अंशकालिक अनुदेशक, 23 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के शिक्षक, 15 विशेष शिक्षक तथा 627 माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक एवं उनके परिवारों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का स्वास्थ्य सुरक्षित होने से शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के 58,510 छात्र-छात्राओं के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए ₹1200 प्रति छात्र की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेगी।

समारोह के दौरान राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न शैक्षिक स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए नवाचार आधारित शिक्षण मॉडल, टीएलएम सामग्री और गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयोग विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के साथ शिक्षा को अधिक रोचक और व्यवहारिक बनाते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष पवन रावल, जनप्रतिनिधि दीपक भारद्वाज, मनवीर नागर, उमेश भाटी, ओमकार भाटी, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आशीष कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया, आईआईएमटी के अध्यक्ष डॉ. मयंक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण समारोह दादरी के मिहिर भोज बालिका इंटर कॉलेज, जेवर के प्रज्ञान स्कूल तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) दनकौर में भी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया, जहां शिक्षकों और विद्यार्थियों को सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी दी गई।।