गौतमबुद्धनगर: 3 करोड़ से अधिक की फर्जी जमीन रजिस्ट्री ठगी का एक और मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जारचा पुलिस ने गाजियाबाद से दबोचा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के जरिए करोड़ों रुपये की जमीन ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना जारचा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपी को गाजियाबाद के शास्त्री नगर क्षेत्र से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर तीन करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार 8 जुलाई 2026 को थाना जारचा पुलिस ने मुखबिर की सूचना और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से वांछित अभियुक्त रमेश पुत्र गोपाल, निवासी शास्त्री नगर, थाना कविनगर, कमिश्नरेट गाजियाबाद को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में दर्ज मुकदमा संख्या 76/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जमीन की फर्जी रजिस्ट्री तैयार कर पीड़ित से तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी। पीड़ित की शिकायत पर 27 अप्रैल 2026 को थाना जारचा में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि गिरफ्तार किया गया रमेश इस गिरोह का वांछित सदस्य था। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस को गिरोह के नेटवर्क और अन्य मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में इसी प्रकार के फर्जी रजिस्ट्री और धोखाधड़ी से जुड़े छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी लंबे समय से जमीन संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में सक्रिय था।
जारचा पुलिस अब इस पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले अन्य सहयोगियों और ठगी के शिकार हुए अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
