मंगलवार, 9 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था का एडीसीपी ने लिया जायजा, फुट पेट्रोलिंग कर पुलिस बल को दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था का एडीसीपी ने लिया जायजा, फुट पेट्रोलिंग कर पुलिस बल को दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा जनसुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लगातार सघन निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी नोएडा श्री साद मिया खान के पर्यवेक्षण में एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह ने एसीपी-2 नोएडा श्री अनिल कुमार पाण्डेय के साथ थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

एडीसीपी नोएडा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर गहन जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

इसके अलावा क्षेत्र में तैनात सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अधिकारियों ने कहा कि नियमित गश्त और सतर्क निगरानी से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कमिश्नरेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस प्रकार की फुट पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ-साथ नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।।