मंगलवार, 9 जून 2026

ऑपरेशन दहन: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 4.66 करोड़ रुपये मूल्य के 949 किलो से अधिक मादक पदार्थों को किया नष्ट!!

शेयर करें:

ऑपरेशन दहन: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 4.66 करोड़ रुपये मूल्य के 949 किलो से अधिक मादक पदार्थों को किया नष्ट!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 09 जून 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए "ऑपरेशन दहन" के तहत विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामलों से संबंधित भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण कराया। इस कार्रवाई के तहत कुल 949.342 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 66 लाख 83 हजार 950 रुपये आंकी गई है, को अधिकृत एजेंसी के माध्यम से नष्ट किया गया।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के मार्गदर्शन में माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त नार्कोटिक्स के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस आयुक्त की उपस्थिति में कमिश्नरेट के 22 थानों में पंजीकृत कुल 1014 अभियोगों से संबंधित मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 903.164 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 51 लाख 58 हजार 200 रुपये, 3.535 किलोग्राम चरस, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 83 हजार 750 रुपये, तथा 42.8 किलोग्राम डोडा, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 42 हजार रुपये शामिल है।

सबसे अधिक मादक पदार्थों का विनष्टीकरण थाना सेक्टर-39 में दर्ज मामलों से संबंधित रहा, जहां 270 अभियोगों से जुड़े 376.22 किलोग्राम गांजा, 0.78 किलोग्राम चरस और 26 किलोग्राम डोडा को नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त थाना सूरजपुर, फेस-2, सेक्टर-58, सेक्टर-20, इकोटेक-3, दादरी, फेस-3, सेक्टर-113, बादलपुर और अन्य थानों में दर्ज मामलों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया।

पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेशों के तहत जब्त मादक पदार्थों के समयबद्ध विनष्टीकरण से न केवल सुरक्षित भंडारण की समस्या का समाधान होता है, बल्कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति का भी स्पष्ट संदेश जाता है।

गौरतलब है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में "ऑपरेशन दहन" के तहत जब्त किए गए नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक एवं कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कमिश्नरेट पुलिस की प्रभावी कार्रवाई भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।।