मंगलवार, 9 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: फेस-2 क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का एडीसीपी ने लिया जायजा, फुट पेट्रोलिंग कर दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: फेस-2 क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का एडीसीपी ने लिया जायजा, फुट पेट्रोलिंग कर दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा श्रीमती दीक्षा सिंह एवं पुलिस बल के साथ थाना फेस-2 क्षेत्र में व्यापक फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की पहचान कर उनकी गहन जांच की जाए। उन्होंने बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने क्षेत्र में तैनात सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की यह सक्रियता अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आगे भी इसी प्रकार नियमित रूप से फुट पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जाएगा।।